पंकज कुमार बघेल
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र पुराने बस स्टैंड से अवैध निर्माण हटाया। शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त किया गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, नगर पालिका प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर दुकान का निर्माण किया गया था।
नगर पालिका द्वारा पूर्व में संबंधित अतिक्रमणकर्ता को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को विधिवत कार्रवाई करनी पड़ी।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तैनात रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कोई अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करना उसकी प्राथमिकता है। अवैध अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था बाधित होती है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया कि नगर क्षेत्र सहित जिले के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अंत में प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें और नियमों का पालन कर प्रशासन को सहयोग प्रदान करें, ताकि शहर का सुव्यवस्थित और सुरक्षित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
