पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
जिले में अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुंदन कुमार तथा वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार के निर्देशानुसार और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लोरमी के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है। इस दौरान मशीन ऑपरेटर को मौके से गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र खुड़िया अंतर्गत ग्राम झलरी–टोपियाडीह के समीप मनियारी नदी के आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन किया जा रहा था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान मौके पर जेसीबी मशीन द्वारा रेत उत्खनन किया जा रहा था, जिसे जब्त कर लिया गया।
वन अधिकारियों को देखकर लोरमी विकासखंड के ग्राम निपनिया निवासी मशीन ऑपरेटर सनत कुर्रे ने जेसीबी मशीन सहित मौके से फरार होने का प्रयास किया। इस दौरान उसने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की तथा वन अधिकारियों पर जानलेवा हमला करने का प्रयास भी किया। वन विभाग की सतर्कता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
घटना के संबंध में मशीन ऑपरेटर के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। जब्त जेसीबी मशीन को वन विभाग के अभिरक्षा में लिया गया है।
वन विभाग एवं जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन, वन संपदा को नुकसान पहुंचाने तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में अवैध खनन पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी एवं छापेमार कार्रवाई की जा रही है।
