पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
मुंगेली,कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की धीमी प्रगति पर लोरमी के संबंधित सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर पथरिया एवं मुंगेली जनपद पंचायत के सीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
धान खरीदी एवं उठाव की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उठाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि वास्तविक किसानों से ही वास्तविक मात्रा में धान खरीदी सुनिश्चित की जाए तथा रकबा समर्पण एवं सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। आगामी तीन दिनों में नोडल अधिकारियों को समितियों का भ्रमण कर निगरानी के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग एवं भौतिक सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग को संस्थागत प्रसव, एएनसी पंजीयन, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं में बेहतर प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को कुपोषण नियंत्रण, टेक होम राशन वितरण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम जनमन, पीएमजीएसवाय सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर लक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, एसडीएम लोरमी अजीत पुजारी, एसडीएम पथरिया रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
