एनएच-130ए सहित ग्रामीण विकास कार्यों की गुणवत्ता परखी, दोष मिलने पर सड़क उखाड़ने तक की चेतावनी
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स,
,
जिले में चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मुंगेली विकासखंड के ग्राम बांकी, जैतपुरी, पेंडाराकापा, नुनियाकछार, जमहा सहित राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण, शिक्षा, आंगनबाड़ी, स्वच्छता एवं अन्य अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में और मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
नुनियाकछार एनीकट के निरीक्षण के दौरान सूचना बोर्ड नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई और तत्काल सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं एप्रोच रोड में उचित ढलान नहीं होने पर असंतोष जताते हुए सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
ग्राम बांकी में नव-निर्मित सड़क की गुणवत्ता असंतोषजनक पाए जाने पर कलेक्टर ने तत्काल सड़क का सैंपल लेकर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सख़्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जांच में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, तो सड़क को उखाड़कर पुनः निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कराया जाएगा।
इसी क्रम में ग्राम पेंडाराकापा में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित नई सड़क का निरीक्षण कर शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने एनएच-130ए मुंगेली बायपास (बाघामुड़ा से गीधा) तक निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता से कार्य प्रगति की जानकारी ली और अधिग्रहित भूमि के मुआवजा वितरण की स्थिति की समीक्षा की। शेष किसानों से शीघ्र शपथपत्र (एफिडेविट) प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
चातरखार क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति और अत्यधिक धूल उड़ने पर नाराजगी जताते हुए नियमित रूप से पानी के छिड़काव के निर्देश दिए गए।
साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास अवैध रूप से डंप की गई निजी गिट्टी एवं रेत को जब्त कर दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए।
इसके अतिरिक्त, मुंगेली नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को मुंगेली से पंडरिया मार्ग के दोनों ओर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
