खरीदी केन्द्रों से शीघ्र धान उठाव पूर्ण नहीं हुआ तो होगी कड़ी कार्रवाई
जीपीएस युक्त वाहनों से ही होगा परिवहन, अनियमितताओं पर प्रशासन की पैनी नजर
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 105 उपार्जन केन्द्रों में खरीदे गए धान के उठाव को लेकर जिला प्रशासन ने सख़्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राइस मिलर्स की विस्तृत समीक्षा बैठक ली।
बैठक में धान उठाव की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी मिलर्स निर्धारित समय-सीमा के भीतर खरीदी केन्द्रों से पूरा धान उठाव शीघ्र पूर्ण करें, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में 04 राइस मिलर्स की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में ढिलाई नहीं बरती जाए।
जीपीएस युक्त वाहनों से ही होगा धान परिवहन
कलेक्टर ने धान उठाव एवं परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल जीपीएस युक्त वाहनों से ही धान परिवहन किया जाए। बिना जीपीएस वाले वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
धान की बोरियों में पानी डालने की शिकायतों पर जांच के निर्देश
बैठक के दौरान मिलर्स द्वारा धान की बोरियों में पानी डालकर वजन बढ़ाने की लगातार मिल रही शिकायतों का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पूरी प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग पर ज़ोर दिया।
प्रशासन अलर्ट मोड में
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी, उठाव और परिवहन से जुड़ी हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी, ताकि किसानों के हितों की रक्षा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को समयबद्ध व सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, जिला खाद्य अधिकारी पंकज सेतपाल, एआरसीएस हितेश श्रीवास, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम संदीप शर्मा, सीसीबी नोडल अधिकारी संतोष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
