रज्जू बंजारे
बेमेतरा।कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कलेक्ट्रेट स्थित दिशा सभाकक्ष में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान के उठाव एवं कस्टम मिलिंग की प्रगति की समीक्षा हेतु जिले के राइस मिलर्स की बैठक ली। बैठक में डिप्टी कलेक्टर सुश्री पिंकी मनहर, धान उपार्जन से जुड़े जिला अधिकारी, खाद्य विभाग के अधिकारी एवं राइस मिलर्स उपस्थित रहे।बैठक के दौरान कलेक्टर ने धान उठाव एवं कस्टम मिलिंग की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी राइस मिलर्स को कार्य में शीघ्रता लाने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान परिवहन एवं मिलिंग की संपूर्ण प्रक्रिया नियमानुसार, पारदर्शी एवं व्यवस्थित होनी चाहिए। किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि धान लोडिंग एवं अनलोडिंग कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा वाहन चालकों को पहले से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि ट्रिप में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने गेट पास की साफ एवं स्पष्ट फोटो समय पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
गलत तरीके से धान उठाव या परिवहन पाए जाने पर संबंधित मिलर्स के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।कलेक्टर ने धान उपार्जन से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि राइस मिलर्स की गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर समर्थन मूल्य का भुगतान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
धान उठाव एवं कस्टम मिलिंग में विलंब होने से न केवल किसानों को नुकसान होता है, बल्कि संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसलिए सभी संबंधित पक्ष जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में धान उठाव एवं कस्टम मिलिंग की प्रगति में ठोस एवं स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए।
