चल रहे कार्यों की प्रगति पर गहन चर्चा, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । नगर पंचायत मारो क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु आज नगर पंचायत कार्यालय मारो में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने की। इस अवसर पर नगर के समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ।
समीक्षा बैठक के दौरान सड़क निर्माण, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। खाद्य मंत्री ने अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा तथा क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में जिले की कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं भी उपस्थित रहीं। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का सीधा लाभ शीघ्र मिल सके।
खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने नगर पंचायत क्षेत्र के सुव्यवस्थित विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि आमजन के जीवन स्तर में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनें।
मंत्री ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, गुणवत्ता की सतत निगरानी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा बेहतर समन्वय के साथ जनहित में कार्य करने का आश्वासन दिया।
