पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग मुंगेली की टीम ने ग्राम छोटे जल्ली में छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त करने में सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को ग्राम छोटे जल्ली में अवैध महुआ शराब के निर्माण एवं बिक्री की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन उपरांत आबकारी विभाग की टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से गांव में दबिश दी गई। छापेमार कार्रवाई के दौरान मौके से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसे अवैध रूप से बिक्री हेतु संग्रहित किया गया था। जब्त की गई शराब को विधिवत सील कर आबकारी विभाग के कब्जे में लिया गया।
इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर साय ने बताया कि अवैध शराब रखने एवं उसका कारोबार करने के आरोप में आरोपी भोपसिंह कुर्रे के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 के अंतर्गत गैर-जमानती धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत वैधानिक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलन में है।
जिला आबकारी अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध शराब न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि इससे सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में अवैध शराब एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। आबकारी विभाग द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित रूप से छापेमारी, जांच और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण या बिक्री की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल आबकारी विभाग या प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समाज को इस कुप्रथा से मुक्त किया जा सके।
इस छापेमार कार्रवाई में आबकारी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे और पूरी कार्रवाई को नियमानुसार एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न किया गया। आबकारी विभाग ने दोहराया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

