150 से अधिक आवेदन प्राप्त, योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर
पंकज कुमार बघेल,मुंगेली, वैभवी टाइम्स
जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों पर नियमित फॉलोअप किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष और समयबद्ध लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है और इसमें प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जनदर्शन में कुल 150 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें ग्राम नवागांव वेंकट की बिमला गंधर्व द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम करही के कुलदीप द्वारा व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, ग्राम बदरा (ब) की सत्यभामा कुर्रे द्वारा महतारी वंदन योजना का लाभ, ग्राम संगवाकापा के भरत साहू द्वारा ट्रायसायकल उपलब्ध कराने तथा वार्ड मुंगेली निवासी गजेन्द्र श्रीवास द्वारा प्रधानमंत्री स्वावलंबन योजना अंतर्गत दुकान आबंटन की मांग प्रमुख रही।
इसी प्रकार ग्राम चारभाठा के दिग्विजय सिंह ने भूमि सीमांकन, ग्राम सारधा की दिव्यांग राजेश्वरी सिंह राजपूत ने पेंशन योजना का लाभ, ग्राम भिलाई के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, ग्राम तरईगांव की अहिल्या बाई ने घर के पास पेयजल सुविधा, ग्राम चंदली के किसान तुलाराम ने भूमि पर्ची बनवाने तथा ग्राम बुंदेली के मुकेश चंद्राकर ने राशनकार्ड में नाम जुड़वाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए नियमानुसार निराकरण का आश्वासन दिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
