रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं द्वारा कलेक्टरेट स्थित दृष्टि सभा कक्ष में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जनदर्शन में जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा कई मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा कर त्वरित निराकरण कराया। प्रशासन की तत्परता के चलते अनेक आवेदनों का समाधान तत्काल किया गया, जिससे नागरिकों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
आज के जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 49 आवेदन प्राप्त हुए। तात्कालिक महत्व के प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि गंभीर एवं जांच योग्य मामलों को टीएल पंजी में दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन में निराश्रित पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बैटरी चालित ट्रायसायकल प्रदाय, कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्ढा हटाने, आम रास्ता खुलवाने सहित अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर नियमानुसार शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रकाश कुमार भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
