पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
जिला कलेक्टोरेट में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले जनदर्शन में बड़ी संख्या में आमजन अपनी मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु पहुंचते हैं। इसी क्रम में आज आयोजित जनदर्शन में 110 से अधिक आवेदकों ने विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के नियमानुसार त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनदर्शन में ग्राम अमोरा के विजय पटेल ने शौचालय निर्माण, ग्राम जोता के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, ग्राम करही-देवरी की ज्योति वैष्णव ने आधार कार्ड में सुधार तथा ग्राम लक्षनपुर (अ.) के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग रखी।
इसी प्रकार ग्राम डाड़गांव के राजकुमार भास्कर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने, ग्राम बरबपुर की किरण कुलमित्र ने किसान किताब उपलब्ध कराने तथा ग्राम खाम्हीकुर्मी की अमरमती कुर्रे ने अपने दिवंगत पति का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
इसके अतिरिक्त ग्राम पालचुवा की रीमा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, ग्राम कंतेली के संतन बंजारे ने ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार, तिलक वार्ड मुंगेली के कांति पात्र ने महतारी जतन योजना का लाभ तथा ग्राम अमोरा के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रखी।
वहीं ग्राम चकरभठा के प्रमोद साहू ने नाली निर्माण सहित अन्य आवेदकों ने भी विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे।
एडीएम एवं जिला पंचायत सीईओ ने सभी आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर नियमानुसार निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
