मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त बटनदार चाकू जब्त
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली,वैभवी टाइम्स
थाना जरहागांव क्षेत्रांतर्गत ग्राम फरहदा में हुए हत्या के सनसनीखेज मामले में मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर हत्या का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बहन से बातचीत करने की शंका को लेकर हुए विवाद की रंजिश का परिणाम थी। आरोपियों ने बटनदार चाकू से हमला कर युवक की निर्मम हत्या कर दी।
घटना का विवरण
प्रार्थी अर्जुन साहू (20 वर्ष), निवासी ग्राम फरहदा, थाना जरहागांव ने दिनांक 03 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब दो से ढाई माह पूर्व गांव के ही जयपाल उर्फ कल्लू साहू द्वारा उसकी बहन से बातचीत करने को लेकर मृतक कोमल साहू से विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर दिनांक 02 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे, खरवोरवा तालाब पार ग्राम फरहदा के पास आरोपियों ने अर्जुन साहू और कोमल साहू के साथ मारपीट की।
इस दौरान आरोपी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने अपने पास रखे बटनदार चाकू से हत्या की नीयत से अर्जुन साहू के पेट एवं हाथ की उंगली पर गंभीर वार किया तथा कोमल साहू के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान कोमल साहू (19 वर्ष) की मृत्यु हो गई।
कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना पर थाना जरहागांव में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट जोड़ी गई।
फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर हत्या में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून लगे कपड़े एवं मोबाइल फोन को विधिवत जप्त किया गया। गवाहों के कथन एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
हितेश उर्फ हरिओम कश्यप, पिता रामनिवास, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी बजरंगपारा, जरहागांव
जयपाल उर्फ कल्लू साहू, पिता रामेश्वर साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम फरहदा, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
दोनों आरोपियों को दिनांक 03 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर 04 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जरहागांव उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, सउनि लखीराम नेताम, लव सिंह ध्रुव, प्र.आर. महेश राज, देवकुमार डिडोरे, लक्ष्मण यादव सहित थाना स्टाफ एवं सायबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
