पंकज कुमार बघेल
मुंगेली। नशा मुक्त, सुरक्षित और जागरूक समाज की दिशा में अग्रसर करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा प्रारंभ किया गया “पहल” अभियान अब एक सशक्त जन आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार 07 जनवरी 2026 को जिला पंचायत मुंगेली के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण संवेदीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक मंच पर आकर जिले को अपराध मुक्त बनाने का संकल्प लिया।इस विशेष कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रजनी देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत अध्यक्ष राम कमल सिंह, जिला पंचायत सदस्यगण सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सायबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता और नशा मुक्ति का संदेश पहुँचाना रहा। पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम कर रहा ‘पहल’ अभियान मुंगेली पुलिस द्वारा बीते एक वर्ष से “पहल” अभियान के अंतर्गत जिले के स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य डिजिटल युग में बढ़ते सायबर अपराधों, सड़क दुर्घटनाओं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को जागरूक करना है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “पहल” कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस आमजन के बीच जाकर संवाद स्थापित कर रही है, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ा है और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूती मिली है। तीन प्रमुख बिंदुओं पर दिया गया विशेष संदेश कार्यक्रम के दौरान जागरूकता को तीन मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित किया गया—सायबर फ्रॉड से बचाव :डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने, ओटीपी साझा न करने और किसी भी सायबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ठगी की राशि होल्ड कराने की जानकारी दी गई।यातायात सुरक्षा :यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने तथा पिकअप मालवाहक वाहनों में सवारी न करने की सख्त समझाइश दी गई। पुलिस द्वारा बताया गया कि बीते वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने में जागरूकता से सकारात्मक परिणाम मिले हैं।नशा मुक्ति अभियान :नशे को अपराधों की जड़ बताते हुए युवाओं, बच्चों और आम नागरिकों से नशे से दूर रहने की अपील की गई। स्कूल और कॉलेजों में निरंतर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम चलाने की बात कही गई। जनप्रतिनिधियों ने लिया जागरूकता फैलाने का संकल्प*कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के इस सामाजिक विजन की सराहना करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सायबर सुरक्षा, यातायात नियमों और नशा मुक्ति को लेकर जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया। साथ ही आमजन, नवयुवकों और बच्चों को नशे से दूर रखने हेतु निरंतर प्रेरित करने का भरोसा दिलाया।*‘पहल’ अपराध की जड़ पर कर रही प्रहार*पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि मुंगेली पुलिस केवल अपराधों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि “पहल” अभियान के जरिए अपराध की जड़ नशे पर सीधा प्रहार कर रही है। पुलिस और जनता के बीच सामंजस्य ही सुरक्षित समाज की नींव है और इस अभियान के माध्यम से हर नागरिक को जिम्मेदार और जागरूक बनाया जा रहा है।जिला पंचायत में हुई यह बैठक आने वाले समय में जिले की सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक सुधार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
