पंकज कुमार बघेल,मुंगेली, वैभवी टाइम्स,
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा वर्ष 2026 की प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च को किया जाएगा।
नेशनल लोक अदालत त्वरित, सरल एवं सुलभ न्याय का प्रभावी मंच है, जिसके माध्यम से समय और धन की बचत के साथ आपसी सौहार्द को भी बढ़ावा मिलता है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मरावी के मार्गदर्शन में नेशनल लोक अदालत को लेकर जिलेभर में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
मुंगेली, पथरिया, जरहागांव एवं लोरमी के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बैनर, पोस्टर और प्रचार वाहनों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इसके साथ ही थानों में तैनात पैरालीगल वॉलंटियर्स द्वारा आम नागरिकों को लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कंचन लता आचला ने बताया कि जिला न्यायालय परिसर मुंगेली, व्यवहार न्यायालय लोरमी तथा राजस्व न्यायालय मुंगेली, पथरिया, जरहागांव और लोरमी में एक ही दिन एवं एक ही समय पर नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर प्री-लिटिगेशन एवं लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। इनमें जलकर, नलकर, भूमिकर, संपत्तिकर, समेकित कर, विद्युत विभाग, टेलीकॉम, बैंक रिकवरी से जुड़े प्रकरणों के साथ-साथ राजीनामा योग्य आपराधिक, यातायात, दीवानी, राजस्व, पारिवारिक विवाद एवं चेक बाउंस से संबंधित मामलों का समाधान किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक प्रकरणों को लोक अदालत में प्रस्तुत कर त्वरित न्याय की इस प्रक्रिया को सफल बनाएं।
