रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर के निर्देशानुसार जिले में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की मुख्य परीक्षाएं 20 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं प्रतिदिन प्रातः 09:00 बजे से 12:15 बजे तक जिले के कुल 77 परीक्षा केन्द्रों में संपन्न होंगी। इसके अतिरिक्त स्थानीय एवं महाविद्यालयीन परीक्षाएं भी मार्च–अप्रैल 2026 में प्रस्तावित हैं।
परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को शांत एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। आदेशानुसार 12 फरवरी से 31 मई 2026 तक बेमेतरा जिले की सीमा क्षेत्र में तीव्र संगीत, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, अनावश्यक कोलाहल तथा मोटरयान के विद्युत हार्न के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है।
कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 के तहत प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक रहेगी, जबकि रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 06:00 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।हालांकि, विशेष परिस्थितियों में संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) की पूर्व अनुमति से सीमित एवं धीमी ध्वनि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की अनुमति दी जा सकेगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि परीक्षा अवधि के दौरान नियमों का पालन कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य में सहयोग प्रदान करें। आदेश जारी होते ही प्रभावशील हो गया है तथा इसकी सूचना सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित एवं प्रकाशित की जा रही है।
