बोर्ड परीक्षा को लेकर एसडीएम ने डीजे एवं धुमाल संचालकों की सख़्त बैठक ली
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स,
जिले में बोर्ड एवं स्थानीय परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार के स्पष्ट निर्देशों के तहत मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज ने डीजे एवं धुमाल संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में परीक्षा अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं विद्यार्थियों को शांत वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अव्यवस्था या नियम उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी तरह की ध्वनि प्रदूषण संबंधी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान रात्रि 10 बजे से प्रातः 06 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र (डीजे/धुमाल) का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कोलाहल नियंत्रण अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत सख़्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के साउंड सिस्टम का उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा।
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने एवं नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने डीजे एवं धुमाल संचालकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए नियमों का ईमानदारी से पालन करें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
