पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार तथा समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक नदीम काजी के मार्गदर्शन में एकीकृत पुनर्वास केंद्र (नशामुक्ति) द्वारा ग्राम पंचायत बरदुली में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (रजत जयंती) के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए नुक्कड़ नाटक, पंथी नृत्य एवं सुगा नृत्य जैसी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान पर प्रभावी संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 50 वरिष्ठ नागरिकों एवं महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह में सकारात्मक संदेश और उत्साह का संचार हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ भी दिलाई गई। नशे के कारण उत्पन्न होने वाली विभिन्न बीमारियों एवं नशा छोड़ने के व्यावहारिक उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में नशामुक्ति केंद्र के अधीक्षक शत्रुहन साहू, ग्राम पंचायत के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
