पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जिले में आगामी 10 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक ढंग से वैवाहिक जीवन में प्रवेश कराने की दिशा में शासन द्वारा सशक्त पहल की जा रही है।
यह योजना सामाजिक समानता और समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सामूहिक विवाह के माध्यम से जहां एक ओर विवाह खर्च में कमी आती है, वहीं दूसरी ओर समाज में सादगीपूर्ण विवाह की सकारात्मक परंपरा को भी प्रोत्साहन मिलता है।
योजना के अंतर्गत पात्र वर-वधुओं का विवाह शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा। इसमें वधू की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा वर की न्यूनतम आयु 21 वर्ष पूर्ण होना अनिवार्य है। जिला स्तरीय इस सामूहिक विवाह समारोह में बड़ी संख्या में जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी संजुला शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।
योजना से संबंधित आवेदन पत्र एवं विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए हितग्राही अपने नजदीकी महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय, एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना कार्यालय, परियोजना पर्यवेक्षक अथवा आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से शासन बेटियों के सुरक्षित, सम्मानजनक और खुशहाल भविष्य की दिशा में निरंतर प्रयासरत है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
