योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे – केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू
पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
बिलासपुर लोकसभा सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री, आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय तोखन साहू की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) तथा जिला एवं शहरी स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँच सके। जिले को प्रदेश स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए टीम भावना और समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक में मनरेगा अंतर्गत लंबित भुगतानों के शीघ्र निराकरण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लखपति दीदी एवं डीडीयू-जीकेवाई योजनाओं की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित प्रकरणों के निपटारे तथा दूसरी किस्त में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए गए। वन एवं विस्थापित क्षेत्रों में निवासरत लोगों को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने कहा गया।
स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सोख्ता गड्ढों एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, साफ-सफाई और रखरखाव की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग में प्रसव के दौरान अनावश्यक रेफरल की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई गई तथा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। जरहागांव में जनऔषधि केंद्र शीघ्र खोलने के निर्देश भी दिए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में जर्जर आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत, साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा संचालन में लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई गई। शिक्षा विभाग में केंद्रीय विद्यालय हेतु भूमि आबंटन, छात्रवृत्ति भुगतान में तेजी लाने तथा शहरी आवास योजनाओं के लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, फसल बीमा योजना एवं किसान सम्मान निधि की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों को लाभ दिलाने, पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सड़क, जल जीवन मिशन एवं बिजली विभाग के कार्यों में गुणवत्ता सुधार और समयबद्ध पूर्णता पर भी जोर दिया गया।
बैठक के अंत में राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक आश्वासन एवं कायाकल्प योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य के लिए चार स्वास्थ्य केंद्रों को सम्मानित किया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर कोतरी, पीएचसी खपरीकला, पीएचसी सिलदहा एवं एसएचसी कोदवाबानी को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
