पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा शुक्रवार 16 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित संवाद कक्ष में जिले के लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए। महिला अपराधों, गुमशुदा बालक-बालिकाओं से संबंधित मामलों, हत्या एवं हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों तथा संपत्ति संबंधी अपराधों (चोरी, नकबजनी, झपटमारी) में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने धारा 173(8) जा.फौ. (वर्तमान में 193 बीएनएसएस) के अंतर्गत लंबित प्रकरणों, लंबित मर्ग मामलों तथा Cybercrime.gov.in एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से प्राप्त साइबर फ्रॉड शिकायतों का शीघ्र वैधानिक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थानों में प्राप्त नई शिकायतों का 07 दिवस के भीतर तथा पूर्व लंबित शिकायतों का 15 दिवस के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर एवं मालखाना की साफ-सफाई तथा अभिलेखों को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली नवनीत कौर छाबड़ा, मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक पथरिया नवनीत पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक लोरमी हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा बघेल, सहित जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।
