पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
विशेष ग्रामों में छोटे भू-खण्डों के लिए वर्गमीटर के आधार पर गाइडलाइन दर लागू करने तथा नवीन गाइडलाइन दरों की विस्तृत समीक्षा को लेकर कलेक्टर कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला मूल्यांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग एवं महानिरीक्षक पंजीयन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई।
कलेक्टर ने बैठक में स्पष्ट कहा कि मंत्रीपरिषद के निर्णय के अनुरूप विशेष ग्रामों में छोटे भू-खण्डों के लिए वर्गमीटर आधारित गाइडलाइन दर लागू करने की प्रक्रिया को शीघ्र, पारदर्शी एवं व्यवहारिक ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवीन गाइडलाइन दरों के संबंध में क्षेत्रवार विशेष समीक्षा कर ठोस तथ्यों, स्थानीय परिस्थितियों एवं बाजार मूल्य के आधार पर विस्तृत कारणों सहित प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से प्राप्त सुझावों, आपत्तियों एवं ज्ञापनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए समुचित संशोधन किया जाए, ताकि आम नागरिकों पर अनावश्यक आर्थिक भार न पड़े और भूमि पंजीयन की प्रक्रिया सरल बनी रहे।
उन्होंने भविष्य में भू-खण्ड मूल्य वृद्धि से संबंधित किसी भी प्रस्ताव को शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप ठोस आधार, स्पष्ट कारण और प्रमाणिक तथ्यों के साथ ही प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संशोधित प्रस्तावों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजना सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि वर्गमीटर आधारित गाइडलाइन दर लागू होने से भूमि मूल्यांकन प्रणाली में पारदर्शिता आएगी, वास्तविक बाजार मूल्य का बेहतर आंकलन हो सकेगा तथा छोटे भू-खण्ड खरीदने वाले आम नागरिकों के हितों की प्रभावी रूप से रक्षा होगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय सहित पंजीयन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
