पंकज कुमार बघेल, मुंगेली,वैभवी टाइम्स,
मुंगेली,
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल (दसवीं) बोर्ड परीक्षा आज 21 फरवरी से जिले में प्रारंभ हुई। परीक्षा में कुल 10 हजार 673 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जबकि 350 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की विश्वसनीयता, निष्पक्षता एवं भविष्य में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला मुख्यालय स्थित बी.आर. साव स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर बैठक व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, समयबद्ध वितरण, पर्यवेक्षकों की उपस्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
उन्होंने स्पष्ट एवं कठोर शब्दों में निर्देश दिए कि नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता को गंभीर अपराध माना जाएगा।
कलेक्टर ने शिक्षकों एवं केंद्राध्यक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य की नींव है, अतः इसकी शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
किसी भी स्तर पर लापरवाही, मिलीभगत या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान प्रत्येक परीक्षार्थी पर सतत निगरानी रखी जाए, परीक्षा केंद्र में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहे तथा सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने परीक्षार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि वे अनुशासन में रहकर, आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। यह परीक्षा उनके भविष्य निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, अतः ईमानदारी एवं परिश्रम से प्रयास करें।
निरीक्षण के दौरान पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई तथा निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को तत्काल एवं बिना विलंब के दूर किया जाए। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की संपूर्ण अवधि में सतत निगरानी एवं औचक निरीक्षण जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस अवसर पर अजय शतरंज, संबंधित विभागीय अधिकारी, केंद्राध्यक्ष एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे विद्यार्थियों को अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, जिससे वे बिना दबाव के परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
