आगामी नेशनल लोक अदालत 14 मार्च को, सफल आयोजन हेतु अधिकारियों की समीक्षा बैठक
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । आगामी नेशनल लोक अदालत (14 मार्च 2026) के सफल आयोजन को लेकर आज जिला न्यायालय बेमेतरा में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रीमती सरोज नंद दास, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा द्वारा की गई।
बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रामकृष्ण साहू, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री मोहित सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अनिता कोशिमा रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री प्रकाश कुमार भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। अध्यक्ष द्वारा पुलिस विभाग को न्यायालय से जारी प्री-सीटिंग नोटिस की समयबद्ध तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
नेशनल लोक अदालत में दाण्डिक प्रकरण, चेक बाउंस, मोटरयान अधिनियम से संबंधित मामले, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, बीमा, बैंक रिकवरी, भरण-पोषण, परिवार न्यायालय, सिविल वाद, विद्युत, जलकर, संपत्ति कर, टेलीफोन तथा विभिन्न राजस्व प्रकरणों का राजीनामा के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए बैनर, पोस्टर एवं फ्लैक्स के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पक्षकारों को आपसी सुलह एवं समझौते के लिए प्रेरित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
