रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 2026 को लेकर जिले में व्यापक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। आगामी 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक संचालित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के लिए आज गोपनीय सामग्री का सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वितरण किया गया।
शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बेमेतरा से संबंधित केंद्राध्यक्षों को सीलबंद पेटियों में प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय दस्तावेज सौंपे गए। सम्पूर्ण प्रक्रिया पुलिस अभिरक्षा में सम्पन्न हुई। सीलबंद पेटियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच बसों के माध्यम से संबंधित थानों तक पहुँचाया गया, जहाँ उन्हें सुरक्षित रूप से जमा कराया गया है।
इस वर्ष जिले में कुल 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
कक्षा 10वीं के लिए 12,169 परीक्षार्थी
कक्षा 12वीं के लिए 8,677 परीक्षार्थी
परीक्षा प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
गोपनीय सामग्री वितरण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. चतुर्वेदी, सहायक संचालक श्री एस.पी. कोशले, जिला मिशन समन्वयक श्री राजकुमार वर्मा, प्राचार्य श्री मनमोहन लाल अग्रवाल सहित मंडल प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
परीक्षा कक्ष प्रभारी श्री चेतन दास बंजारे और श्री जितेंद्र प्रकाश गोयल ने वितरण प्रक्रिया को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।जिला प्रशासन की सतर्कता और सुदृढ़ व्यवस्था से यह सुनिश्चित किया गया है कि बोर्ड परीक्षा 2026 पूर्ण पारदर्शिता, गोपनीयता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हो, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित और अनुकूल परीक्षा वातावरण मिल सके।
