पंकज कुमार बघेल/ वैभवी टाइम्स
धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिले के राइस मिलर्स की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान परिवहन में संलग्न सभी वाहनों की नियमित जांच की जाए तथा प्रत्येक वाहन में जीपीएस सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी राइस मिल परिसरों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर धान खरीदी पूर्ण करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके लिए सभी राइस मिलर्स धान उठाव कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि धान खरीदी अथवा कस्टम मिलिंग प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित राइस मिलर्स के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि बिना जीपीएस युक्त वाहनों से धान परिवहन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
राइस मिल परिसरों में सीसीटीवी के माध्यम से निरंतर निगरानी अनिवार्य की गई है।
उन्होंने अवैध कस्टम मिलिंग, ओवरलोडिंग एवं धान रीसाइक्लिंग में संलिप्त राइस मिलर्स के विरुद्ध जांच प्रतिवेदन के आधार पर कठोर कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने राइस मिलर्स को शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा धान खरीदी प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने दोहराया कि किसानों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसानों के एक-एक दाने की खरीदी पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा या लापरवाही पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
