पंकज कुमार बघेल,मुंगेली, वैभवी टाइम्स,
जिले में संचालित शासकीय निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा हेतु कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्कूल, महाविद्यालय सहित अन्य शासकीय भवनों के निर्माण में हो रही अनावश्यक देरी पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यालय एवं महाविद्यालय भवनों का समय पर निर्माण नहीं होना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की शिक्षा एवं सुविधाओं पर पड़ता है।
उन्होंने निर्माण कार्य समय पर प्रारंभ नहीं करने तथा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत न करने पर कार्यपालन अभियंता (ईई), एसडीओ मुंगेली एवं संबंधित सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सब इंजीनियर सूर्य प्रकाश राजपूत का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।
गोड़खाम्ही में भवन निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने कहा कि यदि कार्य समय पर पूर्ण होता, तो विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकता था।
सड़क निर्माण कार्यों की भी हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में जिले में प्रगतिरत एवं प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति तथा कार्य पूर्णता की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिन सड़कों का कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उनके कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधित ठेकेदारों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इन मार्गों की विशेष समीक्षा की गई—
कोटा–लोरमी–पंडरिया मार्ग चौड़ीकरण
बोधापारा–बोड़तरा मार्ग चौड़ीकरण
सरगांव–साकेत मार्ग मजबूतीकरण
बंधवा पुल से गोड़खाम्ही पहुंच मार्ग
मुंगेली–परसवारा मार्ग
हरदी–भस्करा पहुंच मार्ग
कंतेली–सूरजपुरा–डिंडौरी–कोयलारी मार्ग
सरईपतेरा–हरदीबांध–उरईकछार मार्ग
पथर्री–डिंडोरी पहुंच मार्ग
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी मॉनिटरिंग टूल विकसित किए जाएं, नियमित निरीक्षण हो तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अभिनव कुमार, प्रभाकर पाण्डेय, जी.एल. यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।
नगरीय निकायों की समीक्षा: गुणवत्ता व समयबद्धता पर विशेष जोर
कलेक्टर ने नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक लेकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निविदा प्रक्रिया तथा स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की गहन समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
लोरमी नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत अधोसंरचना मद से स्वीकृत, पूर्ण एवं निर्माणाधीन कार्यों—जैसे पंडरिया रोड प्रवेश द्वार, अंबेडकर चौक निर्माण, खेल परिसर सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की गई।
निविदा प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से जटिल बनाकर कार्य में विलंब किए जाने तथा धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने लोरमी के सीएमओ एवं इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार मुंगेली नगरपालिका क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्धता, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
