किसान भवन में हुआ मानस विज्ञान दर्शन व मानस गान प्रतियोगिता
पाहंदा की आदर्श मानस मंडली ने किया प्रथम स्थान प्राप्त।
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। जिले के हृदय स्थल किसान भवन में श्री ब्रह्मदेव नवधा सत्संग नवयुवक समिति के तत्वावधान में चार दिवसीय विशाल रामायण मेला एवं मानस गान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। वर्तमान समय में छत्तीसगढ़ अंचल के नगरों, गांवों एवं कस्बों में निरंतर आयोजित हो रहे मानस मेलों की श्रृंखला में यह आयोजन अपनी भव्यता, अनुशासन एवं नवाचार के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
रामायण मेले में छत्तीसगढ़ की ख्यातिप्राप्त मानस मंडलियों ने सहभागिता निभाई।
मानस की संगीतमय, भावपूर्ण एवं भक्तिरस से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से संपूर्ण किसान भवन परिसर राममय वातावरण में परिवर्तित हो गया। श्रद्धालु श्रोता देर रात तक मानस की चौपाइयों और भजनों में डूबे रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ।
जिला मानस संघ भद्रकाली के आह्वान पर संयोजक धनेश वर्मा के विशेष संयोजन में आयोजित “डिजिटल मानस विज्ञान दर्शन (पार्ट–1)” रहा। मानस दर्शन छत्तीसगढ़ के संस्थापक दीपक गुहा द्वारा प्रस्तुत इस नवीन अवधारणा का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से युवा पीढ़ी को मानस से जोड़ना रहा। प्रस्तुति को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और इसे खूब सराहा गया।
वहीं मानस विज्ञान दर्शन (पार्ट–2) का आयोजन पूर्व पार्षद शिव साहू के संयोजन में मोहभट्ठा में किया गया, जिसे भी दर्शकों से भरपूर प्रशंसा प्राप्त हुई।
प्रतियोगिता के निर्णायक निर्णय के अनुसार परिणाम इस प्रकार रहे—
प्रथम पुरस्कार: आदर्श मानस मंडली, पाहंदा
द्वितीय पुरस्कार: विनय मानस मंडली, भिलौरी
तृतीय पुरस्कार: जय कारी पाट मानस मंडली, सिवनी
चतुर्थ स्थान: श्री श्रद्धा महिला मानस मंडली, कचना
पंचम स्थान: श्री तुलसी मानस मंडली, रावाभाठा
षष्ठम स्थान: श्री राम सिय मानस मंडली, कोटगांव
सप्तम स्थान: श्री राम सेवा सत्संग समिति, पीपरभट्ठा
अष्टम स्थान: श्रद्धा सुमन मानस मंडली, बनबराउद
इसके अतिरिक्त विशेष पुरस्कारों में व्याख्या के लिए रोहित गंधर्व, गायन के लिए कोटरा, तबला वादन के लिए नहर खपरि तथा अनुशासन के लिए मटका को सम्मानित किया गया।
अतिथि एवं आयोजन सहयोग।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, पार्षद नीतू कोठारी, जिला मानस संघ अध्यक्ष देवलाल सिन्हा, मानस दर्शन छत्तीसगढ़ से दीपक गुहा, राजकुमार ताम्रकार, रिझन सेन, विष्णु साहू, गजेंद्र वर्मा, बिहारी यदु, छगन साहू, लोकेंद्र सेन एवं श्रीमती कल्याणी सेन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्यों लक्की साहू, मनोज रजक, रमेश साहू, संतोष रजक, अशोक वर्मा, धनेश वर्मा, राजेंद्र रजक, दीपक मानिकपुरी, मेहतरु मंडल एवं बसंत मानिकपुरी का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का मधुर एवं प्रभावशाली संचालन सुश्री खिलेश्वरी यादव ने किया। निर्णायक के रूप में रिझन सेन एवं तिवारी जी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। संपूर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण त्रिलोक स्टूडियो द्वारा किया गया।
