पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारू एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में धान खरीदी से जुड़े अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में धान खरीदी प्रभारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, आरएईओ, जिला नोडल अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि केवल वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी की जाए तथा कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं समिति प्रभारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि धान खरीदी के दौरान किसानों से रकबा समर्पण अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित हो। धान परिवहन के लिए केवल सक्रिय जीपीएस युक्त वाहनों का उपयोग किया जाए। बंद या निष्क्रिय जीपीएस वाले वाहनों में धान परिवहन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने प्रत्येक किसान की धान खरीदी के समय गेट पास में किसान के साथ धान की फोटो अनिवार्य रूप से लेने के निर्देश दिए, ताकि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह जांच करें कि कितने किसानों का रकबा समर्पण हो चुका है और कितनों का शेष है। साथ ही समितियों से यह रिपोर्ट ली जाए कि कितने किसानों के टोकन जारी हो चुके हैं। बड़े बिचौलियों पर विशेष निगरानी रखते हुए राजस्व, मिलर एवं समिति से जुड़े मामलों की संयुक्त जांच रिपोर्ट तैयार करने तथा आवश्यकता अनुसार धान का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, जिला खाद्य अधिकारी हुलेश कुमार डड़सेना, सहायक आयुक्त सहकारिता हितेश श्रीवास, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव सहित धान खरीदी से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही जिले की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
