खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स
मुंगेली में भव्य स्वागत के साथ पहुँची मशाल गौरव रथ यात्रा
पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
भारतीय खेल प्राधिकरण एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आगाज आगामी 14 फरवरी से किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता को लेकर प्रदेशभर में जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली जा रही मशाल गौरव रथ यात्रा मंगलवार को मुंगेली जिले में पहुँची, जहाँ खेल प्रेमियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा इसका भव्य स्वागत किया गया।

मशाल गौरव रथ यात्रा का स्वागत स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दाउपारा परिसर में उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के शुभंकर मोर वीर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने शुभंकर के साथ फोटो खिंचवाए और खेलों के प्रति अपने उत्साह का परिचय दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आई.पी. यादव, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

वरिष्ठ खेल अधिकारी संजय पॉल ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों में मशाल गौरव रथ यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा विभिन्न जिलों, विद्यालयों और खेल परिसरों में पहुँचकर युवाओं और आमजन को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रही है।
उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का मुख्य उद्देश्य आदिवासी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना, उनकी पहचान बनाना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना है। यह आयोजन युवाओं में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में शुभंकर मोर वीर का सम्मान किया गया। इस दौरान उपस्थित खिलाड़ियों से परिचय कराया गया और उन्हें अनुशासन, मेहनत एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। खिलाड़ियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
मशाल गौरव रथ यात्रा के आगमन से जिले में खेलों के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
जिले के युवाओं और विद्यार्थियों ने इस आयोजन को प्रेरणास्रोत बताते हुए खेलों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
