प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों का गृह प्रवेश, अधूरे आवास वाले हितग्राहियों को किया गया प्रेरित
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। जनपद पंचायत साजा अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालपुर में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत बेमेतरा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर रहीं।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों में गति लाना, हितग्राहियों को प्रोत्साहित करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण हो चुके आवासों के लाभार्थियों को चाबी वितरण कर विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर लाभार्थियों को सम्मानित किया गया, जिससे अन्य हितग्राहियों को भी समय-सीमा के भीतर आवास निर्माण पूर्ण करने की प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर VB G-RAM-G एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीणों द्वारा मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।जिन हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हो पाए हैं, उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर प्रोत्साहित किया गया तथा शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने हेतु प्रेरित किया गया।
अधिकारियों द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि समय पर निर्माण पूर्ण करने पर योजना की किस्तों की राशि नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।आवास दिवस एवं रोजगार दिवस के उद्देश्यों पर विशेष जोरआवास दिवस के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।
वहीं रोजगार दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को VB G-RAM-G योजना के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह योजना भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका सुदृढ़ीकरण एवं बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना एवं रोजगार गारंटी योजना ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं। इन योजनाओं के माध्यम से एक ओर ग्रामीणों को पक्के आवास की सुविधा मिल रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के अधिकारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत के कर्मचारी, पंचायत पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे आयोजन और भी उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
