ग्रीष्मकालीन धान की अवैध सिंचाई पर प्रशासन सख्त
उड़नदस्ता टीम की कार्रवाई,
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । ग्रीष्मकालीन धान की अवैध सिंचाई पर प्रभावी नियंत्रण हेतु प्रशासन द्वारा सतत निगरानी एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बीते दिवस विभागीय उड़नदस्ता टीम ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित अवधि में धान की सिंचाई कर रहे किसानों के विरुद्ध कार्रवाई की।
उड़नदस्ता टीम द्वारा ग्राम ताकम से 07, पाथरपूंजी से 02, सिंवार से 01 एवं सलधा से 03 नग मोटर पंप जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 13 नग मोटर पंप जप्त कर नियमानुसार जब्ती की कार्यवाही की गई।
जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित कृषकों द्वारा जल संरक्षण से जुड़े शासन के स्पष्ट निर्देशों की अवहेलना करते हुए ग्रीष्मकालीन धान की सिंचाई की जा रही थी, जिससे भू-जल स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन द्वारा पूर्व में ही किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर कम पानी वाली वैकल्पिक फसलों को अपनाने हेतु जागरूक किया गया है।
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जल संरक्षण अधिनियम एवं शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही कृषकों से अपील की गई है कि वे शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जल का विवेकपूर्ण उपयोग करें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में अवैध सिंचाई की पुनरावृत्ति पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित उपकरणों की जब्ती और अधिक कठोर की जाएगी।
