घुमंतु पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय की सराहनीय पहल
ग्राम पंचायत कुआँगांव बना “घुमंतु पशु मुक्त ग्राम पंचायत”
पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की अभिनव पहल “गौ सेवा संकल्प अभियान” से प्रेरित होकर ग्राम पंचायत कुआँगांव ने घुमंतु पशुओं के संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय कदम उठाया है। पंचायत ने प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से “घुमंतु पशु मुक्त ग्राम पंचायत” की अवधारणा को सफलतापूर्वक साकार किया है।
इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु ग्राम पंचायत कुआँगांव में ग्राम सुरक्षा गौ सेवा संरक्षण समिति का गठन किया गया है। समिति के सतत प्रयासों से गांव के लगभग 150 घुमंतु पशुओं को गोठान में सुरक्षित रखकर उनका संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है। गोठान परिसर को कंटीले तारों से सुरक्षित किया गया है, जिससे पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने हेतु पैरादान व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल के लिए डबरी एवं बोरवेल, तथा गर्मी से बचाव के लिए छायादार वृक्षों की व्यवस्था की गई है। लगभग 05 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस गोठान में पशु स्वच्छ, सुरक्षित और खुले वातावरण में सहज रूप से विचरण कर रहे हैं।
उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, मुंगेली डॉ. आर. एस. त्रिपाठी ने बताया कि इस पहल से गांव की सड़कों पर विचरण करने वाले घुमंतु पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिला है। इससे फसलों को होने वाला नुकसान लगभग समाप्त होगा तथा सड़क दुर्घटनाओं में पशु एवं जनहानि में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
वहीं, समिति के अध्यक्ष नीलकंठ कश्यप ने जानकारी दी कि समिति के पंजीयन के उपरांत कुआँगांव गोठान को गोधन न्याय योजना के अंतर्गत पंजीकृत कर छत्तीसगढ़ राज्य गो सेवा आयोग को अनुदान हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया जाएगा।
