छत्तीसगढ़ से जा रही बस पलटी; 5 की मौत की आशंका, 87 घायल
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बलरामपुर | झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से झारखंड जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि 87 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।जानकारी के अनुसार, बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के महाराजगंज गांव से यात्रियों को लेकर झारखंड में एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। जैसे ही बस ओरसा घाटी के घुमावदार और ढलान भरे रास्ते पर पहुंची, चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक
इस हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर बलरामपुर के समीप हुई इस भीषण दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। शोक की इस कठिन घड़ी में वे दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त करते हैं।सीएम साय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और समन्वय के साथ राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 घायलों का उपचार कार्मेल अस्पताल तथा 60 घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों के बेहतर इलाज के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण बने फरिश्ता, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले राहत कार्य में जुटे। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की और अपने निजी वाहनों से कई घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया। इसके बाद महुआडांड़ के एसडीएम विपिन कुमार दुबे के निर्देश पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट किया गया।महुआडांड़, गारू और नेतरहाट से एम्बुलेंस और चिकित्सा दल मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महुआडांड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है। गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
प्रशासनिक बयान
एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि 80 से अधिक घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। सभी की चिकित्सकीय जांच के बाद ही मृतकों की संख्या और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी। फिलहाल प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
