आवास, शौचालय, पेंशन, शिक्षा व मूलभूत सुविधाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स,
जिला कलेक्ट्रेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के दूर-दराज ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं।
जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार, समय-सीमा में एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनदर्शन प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है, जहां लोग विश्वास के साथ अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आते हैं।
ऐसे में सभी अधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण हो तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विभिन्न मांगों से जुड़े आवेदन हुए प्राप्त
जनदर्शन के दौरान ग्राम नुनियाकछार की कलेश बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वहीं ग्राम लालाकापा की इस्माइली ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम टिंगीपुर की प्रीति गोस्वामी ने दसवीं कक्षा की अंकसूची में नाम संशोधन कराने की मांग रखी।
काली मंदिर वार्ड के निवासियों ने क्षेत्र में जर्जर एवं झुके हुए विद्युत तारों को बदलवाने की मांग की, जिससे संभावित दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
ग्राम केस्तरपुरा के विनोद कुमार ने नक्शा बटांकन एवं सीमांकन कराने, ग्राम कारेसरा के मनीराम ने दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने तथा ग्राम कठौतिया के लालाराम प्रधान ने आधार कार्ड में त्रुटि सुधार से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणवार समीक्षा कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
औपचारिकता नहीं, वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल हल किया जाए।
जटिल मामलों में आवश्यक जांच कर स्पष्ट प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए तथा आवेदक को उनके प्रकरण की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया जाए।
उन्होंने दो टूक कहा कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि आमजन को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
