पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
शासन के स्पष्ट निर्देशानुसार तथा कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले के 66 सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित 105 उपार्जन केन्द्रों में पंजीकृत किसानों से धान खरीदी लगातार जारी है।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में अब तक 01 लाख 10 हजार 900 से अधिक किसान धान खरीदी प्रक्रिया में पंजीकृत हो चुके हैं। इन किसानों से अब तक कुल 42 लाख 68 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें
मोटा धान – 23 लाख 72 हजार 486 क्विंटल,
पतला धान – 134.80 क्विंटल,
सरना धान – 18 लाख 95 हजार 496 क्विंटल
शामिल है।
धान खरीदी के साथ-साथ उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। अब तक 27 लाख 62 हजार 362 क्विंटल से अधिक धान का उठाव सफलतापूर्वक किया जा चुका है, जिससे केन्द्रों में भंडारण की समस्या उत्पन्न न हो और खरीदी प्रक्रिया निर्बाध रूप से चलती रहे।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान भंडारण एवं अवैध परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले की सीमाओं एवं प्रमुख चेक पोस्टों पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध वाहनों एवं परिवहन गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही सभी आंतरिक चेक पोस्टों पर निगरानी दल तैनात कर दिए गए हैं।
निगरानी दल द्वारा रात्रिकालीन गश्त के साथ-साथ वाहनों की सघन जांच की जा रही है। कोचियों एवं बिचौलियों के माध्यम से अवैध रूप से धान की खपत पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। इस सेंटर के माध्यम से धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ही धान विक्रय करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत होने पर संबंधित अधिकारियों या कंट्रोल सेंटर को सूचित करें।
