प्रसूता महिलाओं को बेबी किट वितरण, स्टाफ व भवन की कमी शीघ्र दूर करने का आश्वासन
रज्जू बंजारे”वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, सुलभ एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मारो में जीवनदीप समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन स्वास्थ्य विभाग नवागढ़, जिला बेमेतरा द्वारा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में किया गया।
बैठक की अध्यक्षता खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री दयालदास बघेल (पदेन अध्यक्ष, जीवनदीप समिति) के अनुमोदन से संपन्न हुई। इस अवसर पर मंत्री श्री बघेल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मारो का निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा अस्पताल में भर्ती प्रसूता महिलाओं को बेबी किट का वितरण कर मातृत्व स्वास्थ्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाया।
गांधी जयंती पर ‘स्पर्श’ अभियान का शुभारंभ
बैठक से पूर्व 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कुष्ठ उन्मूलन हेतु जागरूकता अभियान ‘स्पर्श’ (30 जनवरी से 13 फरवरी) का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. विकास पांडेय द्वारा मंत्री श्री दयालदास बघेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
सीएचसी मारो की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा
जीवनदीप समिति की बैठक में अस्पताल की संरचना, सेवाओं एवं मानव संसाधन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
बीपीएम श्री सी. के. देवांगन ने बताया कि मारो का शासकीय अस्पताल पूर्व में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र था, जिसे वर्तमान वित्तीय वर्ष में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में उन्नत किया गया है। हालांकि नए भवन की स्वीकृति न होने के कारण फिलहाल अस्पताल का संचालन पीएचसी भवन में किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि सीएचसी के लिए 47 पदों का स्वीकृत सेटअप निर्धारित है।
स्टाफ की कमी पर मंत्री गंभीर, त्वरित समाधान के निर्देश
लेखापाल श्री एल. एन. पांडेय द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में नियमित, संविदा एवं जीवनदीप समिति के अंतर्गत कुल 17 कर्मचारी ही कार्यरत हैं, जिससे सेवाओं के संचालन में कठिनाई हो रही है।
इस पर मंत्री श्री दयालदास बघेल ने जीवनदीप समिति से एक नर्सिंग स्टाफ रखने की सहमति देते हुए ओपीडी एवं लैब जांच के लिए न्यूनतम शुल्क तय करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
भवन व अतिरिक्त स्टाफ की मांग शीघ्र पूरी करने का भरोसा
बैठक में अस्पताल भवन एवं अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता को शासन स्तर पर शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया गया। मंत्री श्री बघेल ने अस्पताल के समस्त कर्मचारियों को समयपालन, सेवा-भावना एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की जनता को निरंतर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहें।
कार्यक्रम के समापन पर बीएमओ डॉ. विकास पांडेय ने मंत्री श्री दयालदास बघेल सहित सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
नगर पंचायत मारो के अध्यक्ष श्री धनलाल, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष नगर पंचायत मारो, जनप्रतिनिधि श्री टार्जन साहू (महामंत्री), जागेश्वर ठाकुर, जितेंद्र तिवारी, राम चौबे (सामाजिक कार्यकर्ता), मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पंचायत मारो, बीपीएम श्री सी. के. देवांगन, श्री यू. आर. ध्रुव, समस्त अस्पताल स्टाफ, सुपरवाइजर, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
