डीईओ ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन का किया आकस्मिक निरीक्षण
प्री-बोर्ड एवं प्रायोगिक परीक्षाएं शांतिपूर्वक एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित
पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन का आकस्मिक एवं सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य प्री-बोर्ड एवं प्रायोगिक परीक्षाओं के सुचारु संचालन, परीक्षा की पारदर्शिता तथा विद्यार्थियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना रहा।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में आयोजित प्री-बोर्ड एवं प्रायोगिक परीक्षाएं पूर्णतः शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित पाई गईं। जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तरपुस्तिकाओं की उपलब्धता एवं निगरानी व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। साथ ही परीक्षा संचालन में लगे शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें परीक्षा के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने, प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर उत्तर लिखने, उत्तरों की स्पष्टता एवं क्रमबद्धता पर विशेष ध्यान देने तथा समय का समुचित प्रबंधन करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर परीक्षा देने की सलाह दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निरीक्षण के दौरान जिला मिशन समन्वयक अशोक कश्यप, विद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन द्वारा परीक्षा संचालन हेतु की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की सतत निगरानी से परीक्षा की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनी रहती है।
