


पंकज कुमार बघेल/ वैभवी टाइम्स
धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य आईसीसीसी से प्राप्त अलर्ट एवं शासन के निर्देशों के पालन में राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले की विभिन्न राइस मिलों में छापामार जांच की गई।
जांच में कस्टम मिलिंग में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। उपलेटा राइस मिल, नेशनल दाल मिल, वर्धमान मिलिंग इंडस्ट्रीज, जैन राइस इंडस्ट्रीज एवं नवकार दाल उद्योग सहित कई मिलों में गड़बड़ी पाए जाने पर 12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया। वहीं कुछ मिलों में धान की भारी कमी भी उजागर हुई।
जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत 19 राइस मिलों पर कार्रवाई की जा रही है, जिनमें से 14 राइस मिलों को सील कर दिया गया है।
धान परिवहन एवं भंडारण की निगरानी के लिए आईसीसीसी के माध्यम से जीपीएस ट्रैकिंग, चेक पोस्टों पर सघन जांच और रात्रिकालीन गश्त की जा रही है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
