विलंब या गड़बड़ी पर संबंधित अधिकारी व एजेंसियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । जिले में संचालित सभी विकास एवं निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही, तकनीकी त्रुटि या अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह निर्देश कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को दिए।
कलेक्टर ने जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े सड़क एवं संरचना कार्यों, मंडी बोर्ड अंतर्गत निर्माणाधीन परियोजनाओं, शासकीय स्कूल भवनों, पुल-पुलिया निर्माण, सड़क विकास कार्यों तथा 14वें एवं 15वें वित्त आयोग मद से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। जिन कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। सभी कार्य स्वीकृत तकनीकी मानकों, डिजाइन एवं गुणवत्ता नियंत्रण मापदंडों के अनुसार ही पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नियमित स्थल निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग एवं फील्ड स्तर पर प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) अंतर्गत गोदामों, भवनों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं से जुड़े निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण से संबंधित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कहा कि स्कूल भवन, सड़क, पुल-पुलिया, मंडी परिसर एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग के निर्माण कार्य सीधे आम नागरिकों के जीवन से जुड़े होते हैं। इसलिए इनमें पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने एवं आगामी स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में प्रारंभ कर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी निर्माण कार्यों के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस समीक्षा बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, मंडी बोर्ड, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, खाद्य विभाग, जिला खाद्य अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
