
पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
जिले में धान खरीदी, परिवहन एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में बड़े पैमाने पर की जा रही अनियमितताओं और फर्जीवाड़े की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ऐतिहासिक कार्रवाई की है। आईसीसीसी मार्कफेड रायपुर से प्राप्त अलर्ट के आधार पर की गई गहन जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि धान उठाव में संलग्न वाहनों द्वारा वास्तविक क्षमता से 200 प्रतिशत से लेकर 1116 प्रतिशत तक ओवरलोडिंग कर अवैध रूप से धान का परिवहन किया गया।
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशानुसार खाद्य विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच में धान खरीदी, परिवहन और भंडारण की पूरी श्रृंखला में संगठित फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। जांच में यह सामने आया कि राइस मिलरों, समिति प्रबंधकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों ने आपसी मिलीभगत से शासन को 08 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाई है।
इस गंभीर आर्थिक अपराध के तहत जिले के विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। अब तक 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि कुछ आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
जांच में सामने आए फर्जीवाड़े के गंभीर तरीके
जांच के दौरान यह तथ्य उजागर हुआ कि आरोपियों द्वारा—
जानबूझकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए,
पीडीएस चावल का वास्तविक वितरण नहीं किया गया,
फर्जी वाहनों के नंबरों से धान का परिवहन दर्शाया गया,
बिना जीपीएस एवं ओवरलोड वाहनों से धान ढुलाई की गई,
वास्तविक मात्रा से कहीं अधिक धान उठाव दर्शाकर शासन को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
कुल मिलाकर लगभग 11 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी एवं परिवहन में गड़बड़ी और घोटाले के ठोस प्रमाण मिले हैं।
इन समितियों एवं राइस मिलों पर हुई कार्रवाई
नवागांव घुठेरा समिति द्वारा उपलेटा राइस मिल से मिलीभगत कर
74 जीपीएस युक्त
40 से अधिक बिना जीपीएस वाहनों से अवैध परिवहन
सिंघनुपरी उपार्जन केन्द्र द्वारा एसएस फूड के साथ मिलकर
4,542 क्विंटल धान का बिना जीपीएस परिवहन
छटन उपार्जन केन्द्र द्वारा दीपक राइस मिल एवं नवकार मिल के साथ
3,589 क्विंटल धान का अवैध परिवहन
झगरहट्टा उपार्जन केन्द्र द्वारा वर्धमान राइस मिलर्स से मिलीभगत कर
गंभीर अनियमितता एवं फर्जीवाड़ा
इन मामलों में उपलेटा एवं वर्धमान राइस मिल के संचालक, समिति प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कई व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
ये आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार अब्दुल समद, ललित जैन, नवेंद मेनन एवं अनिल जांगड़े फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अन्य थानों में भी दर्ज हुए अपराध
धान उपार्जन में अनियमितताओं को लेकर—
थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 12/2026
थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 09/2026
के तहत फर्जी परिवहन, धोखाधड़ी एवं भ्रष्टाचार के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
प्रशासन का सख्त संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या फर्जीवाड़े को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी तथा फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
