रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । मातृ एवं शिशु चिकित्सालय तथा जिला चिकित्सालय बेमेतरा में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आधारभूत संरचना एवं सेवाओं में सुधार की प्रक्रिया निरंतर जारी है।मातृ एवं शिशु चिकित्सालय भवन में निर्माण काल से चली आ रही तकनीकी खामी के कारण ड्रेनेज सिस्टम में जल निकासी की समस्या उत्पन्न होती रही है।
इस विषय को जिला चिकित्सालय निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया था। उनके निर्देशानुसार ड्रेनेज सुधार कार्य के लिए सीजी एमएससी के माध्यम से 65.41 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर राज्य नोडल एजेंसी आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, रायपुर को भेजा जा चुका है। प्रस्ताव की स्वीकृति के पश्चात सुधार कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
जिला चिकित्सालय बेमेतरा में संचालित दाल-भात केंद्र का संचालन पूर्व में निविदा के माध्यम से किया जा रहा था, जिसे संबंधित फर्म द्वारा 28 अक्टूबर 2025 से बंद कर दिया गया था। वर्तमान में नई निविदा प्रक्रिया प्रचलन में है, जिसके पूर्ण होते ही दाल-भात केंद्र का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा।मातृ एवं शिशु चिकित्सालय के सामने स्थित गार्डन में बच्चों के लिए लगाए गए झूले पूरी तरह क्रियाशील हैं, जिनका उपयोग बच्चे एवं उनके परिजन नियमित रूप से कर रहे हैं। यह गार्डन परिसर प्रतीक्षारत परिजनों के लिए भी उपयोगी सिद्ध हो रहा है।
वहीं जिला चिकित्सालय में पदस्थ चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। सभी चिकित्सा अधिकारी आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से समय पर उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं, जिसकी सतत निगरानी की जा रही है।अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीजों को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अधोसंरचना और सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।
