पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स,
वनमंडल मुंगेली द्वारा युवाओं को प्रकृति से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 28 फरवरी 2026 को एक विशेष ट्रेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम वन परिक्षेत्र खुड़िया अंतर्गत आयोजित होगा, जिसकी थीम “प्रकृति के करीब, स्वास्थ्य के लिए ट्रेक” निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम के अंतर्गत ट्रेकिंग की शुरुआत दुल्लापुर से होकर खुड़िया रानी मंदिर में समापन के साथ की जाएगी। लगभग 04 किलोमीटर लंबी यह ट्रेकिंग प्रातः 07 बजे से प्रारंभ होगी। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे।
वनमंडल प्रशासन के अनुसार वर्तमान समय में युवा वर्ग सोशल मीडिया और डिजिटल गतिविधियों में अत्यधिक समय व्यतीत कर रहा है, जिससे उनका प्रकृति और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ाव कम होता जा रहा है।
इसी परिप्रेक्ष्य में इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को प्राकृतिक वातावरण से जोड़कर उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रेकिंग के दौरान प्रतिभागियों को वन क्षेत्र की जैव विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य तथा स्थानीय जीवनशैली को नजदीक से देखने-समझने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित होगी।
कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 26 फरवरी 2026 तक गूगल फॉर्म अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। यह ट्रेकिंग कार्यक्रम केवल 100 प्रतिभागियों के लिए सीमित रखा गया है, अतः इच्छुक लोग शीघ्र पंजीकरण कराकर इस अनूठे अनुभव का हिस्सा बनें।
वनमंडलाधिकारी मुंगेली ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में सहभागिता कर प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं तथा स्वस्थ जीवन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बढ़ाएं।
