रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जिला बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड मुख्यालय स्थित हाई स्कूल मैदान में मंगलवार को 138 निर्धन परिवारों के वर-वधुओं का सामूहिक विवाह गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ।
एक ही मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक मर्यादाओं के साथ सभी 138 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। इस अवसर पर नवदंपतियों ने सुखमय दांपत्य जीवन एवं बाल विवाह नहीं करने-कराने की सामूहिक शपथ ली।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल, सुखी और समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और सामाजिक मूल्यों का पवित्र संगम है, जिसमें जीवनभर परस्पर सहयोग और विश्वास निभाया जाता है।
मंत्री श्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन परिवारों के लिए राहत और सम्मान की योजना बन चुकी है। शासन बेटियों के विवाह की चिंता को समझते हुए उनके सम्मानजनक विवाह की जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि योजना अंतर्गत दी जाने वाली सहायता राशि को ₹25,000 से बढ़ाकर ₹50,000 किया गया है, जिससे नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत में आर्थिक संबल मिलता है। इस अवसर पर प्रत्येक जोड़े को विवाह सहायता राशि का चेक, उपहार सामग्री एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि यह योजना केवल शासकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, समानता और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी पहल है। सामूहिक विवाह जैसी व्यवस्था फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करती है।
पारंपरिक बारात और एक मंडप में विवाह संस्कार
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात निकालकर की गई, जो विद्यालय परिसर से चलकर विवाह स्थल तक पहुंची। इसके पश्चात सभी वर-वधू एक ही मंडप में बैठकर पुरोहितों द्वारा संपन्न कराए गए वैवाहिक संस्कारों में शामिल हुए। पूरे आयोजन में हिंदू विवाह परंपराओं का विधिवत एवं श्रद्धापूर्वक पालन किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने की योजना की सराहना
बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संजीवनी के समान है, जिसके माध्यम से बेटियों का विवाह बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के सम्मानपूर्वक संपन्न कराया जाता है। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना की।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना कमजोर वर्गों को सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने की एक प्रभावी पहल है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री चंद्रबेश शिसोदिया सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व परिजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष नवागढ़ श्री खोरबाहरा साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री अजय साहू, श्री राम साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं वर-वधू के परिजन मौजूद रहे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
