पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विकासखंड लोरमी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुड़िया में एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजुला शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा संतुलित आहार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन, एनीमिया के लक्षण, उसकी रोकथाम एवं मासिक धर्म स्वच्छता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कुल 70 बच्चों की एनीमिया जांच भी की गई।
बाल संरक्षण अधिकारी अंजूबाला शुक्ला ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं को लैंगिक समानता, लक्ष्य निर्धारण, अध्ययन के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास निर्माण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बालिकाओं से अपने अधिकारों को समझने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सहायता लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में 181 सखी वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल विवाह निषेध, पॉक्सो अधिनियम, गुड टच–बैड टच, साइबर अपराध, बाल श्रम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, मिशन शक्ति जिला मिशन समन्वयक, केंद्र प्रशासक तथा स्वास्थ्य विभाग से पूनम सिंह राजपूत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
