पंकज कुमार बघेल | मुंगेली | वैभवी टाइम्स,
मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार ने समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में जिले के सभी विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की गहन समीक्षा की।
उन्होंने डिजिटल जनगणना-2027 की तैयारियों, हीटवेव प्रबंधन, पेयजल उपलब्धता, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं परिणाममुखी कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से दो चरणों में संपन्न होगी—प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण तथा द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना।
यह प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से होगी, जिसकी निगरानी सेंसस मैनेजमेंट एवं मॉनिटरिंग सिस्टम से की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल हेड काउंट प्रक्रिया है, इसमें किसी प्रकार की पात्रता या व्यक्तिगत संवेदनशील जानकारी से जुड़ा कोई सर्वे नहीं होगा।
निर्माण कार्यों को लेकर कलेक्टर ने दो टूक कहा कि गुणवत्ता एवं पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लापरवाही या विलंब पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनशिकायतों के शीघ्र निराकरण, लंबित भुगतानों के समय पर निपटान तथा ई-ऑफिस एवं बायोमेट्रिक अटेंडेंस के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए।
हीटवेव और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए अग्रिम कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, राशन दुकानों में चावल की उपलब्धता, धान उठाव, खाद-बीज की पर्याप्त व्यवस्था तथा हितग्राही योजनाओं में ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं में जिले की रैंकिंग बेहतर करने के लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ परिणाममुखी कार्य करें।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम एवं सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
