पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्रांतर्गत 03 अलग-अलग मामलों में कुल 514 पाव (करीब 11 पेटी) देशी प्लेन शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 92.52 बल्क लीटर एवं कीमत 41,040 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त 03 मोटर साइकिल, जिनकी अनुमानित कीमत 1,90,000 रुपये है, को भी जब्त किया गया।
कुल मिलाकर जब्त मशरूका की कीमत 2,31,040 रुपये है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों तथा मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी के विरुद्ध “ऑपरेशन बाज” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 15 जनवरी 2026 को चकरभाठा रोड क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध शराब परिवहन की मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने भरतदाल मिल रायपुर रोड मुंगेली, चकरभाठा से भदराली रोड, संबलपुर चकरभाठा मेन रोड के पास घेराबंदी कर संदेहियों को पकड़ा और गवाहों के समक्ष तलाशी ली।
प्रकरण विवरण
पहला मामला:
आरोपी शत्रुहन सिंह राजपूत, उम्र 42 वर्ष, निवासी जंगलपुर, जिला बेमेतरा के कब्जे से 25 पाव देशी प्लेन शराब (कीमत 2,000 रुपये) एवं परिवहन में प्रयुक्त HF डीलक्स मोटर साइकिल (कीमत 40,000 रुपये) जब्त की गई। इस पर आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरा मामला:
आरोपी दिलहरण यादव, उम्र 42 वर्ष, निवासी सुकली (गोविंद), जिला कबीरधाम के कब्जे से 200 पाव देशी प्लेन शराब (कीमत 16,000 रुपये) एवं परिवहन में प्रयुक्त पल्सर मोटर साइकिल (कीमत 80,000 रुपये) जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
तीसरा मामला:
आरोपी राजू माथुर, उम्र 39 वर्ष, निवासी गिरधारी कापा एवं भीम गावस्कर, उम्र 42 वर्ष, निवासी भोलवाकापा, दोनों जिला कबीरधाम के कब्जे से 288 पाव देशी प्लेन शराब (कीमत 23,040 रुपये) तथा परिवहन में प्रयुक्त SP Shine मोटर साइकिल (कीमत 70,000 रुपये) जब्त की गई। दोनों आरोपियों को धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, अजय छत्री, प्रकाश शुक्ला, दिलीप साहू, अजय चन्द्राकर, नोहर डडसेना, अरुण साहू, मनोज टंडन, दीप खुटे, रवि श्रीवास, भोप सिंह सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
