रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। जिला पंचायत बेमेतरा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रेमलता पद्माकर ने बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ विकासखंड के पंचायत सचिवों की मैराथन समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों की प्रगति पर कड़ा रुख अपनाया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा एवं अन्य निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई और 31 मार्च तक सभी लंबित कार्य हर हाल में पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
पीएम आवास योजना पर फोकस,
धीमी प्रगति पर नाराजगीसीईओ ने सचिववार समीक्षा करते हुए जिन पंचायतों में प्रगति धीमी पाई गई, वहां कारण पूछे और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। वर्ष 2016 से 2023 तक स्वीकृत लेकिन अब तक अपूर्ण आवासों के मामलों में नियमानुसार वसूली प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएम आवास के अंतर्गत सभी निर्माण कार्यों के मस्टर रोल (एमआर) 30 मार्च से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं और अपूर्ण आवासों को 31 मार्च तक हर हाल में पूरा किया जाए। इसके लिए दैनिक मॉनिटरिंग और सतत समीक्षा के निर्देश दिए गए।पलायन करने वाले हितग्राहियों पर कार्रवाई
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिन हितग्राहियों को राशि स्वीकृत हो चुकी है, उनके कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं। जो हितग्राही स्थायी रूप से पलायन कर चुके हैं या योजना का लाभ लेने की स्थिति में नहीं हैं, उनके प्रकरणों में राशि वापसी एवं स्वीकृति निरस्तीकरण की कार्रवाई नियमानुसार की जाए, ताकि वास्तविक पात्रों को प्राथमिकता मिल सके।
मनरेगा कार्यों में तेजी लाने के निर्देशमनरेगा अंतर्गत स्वीकृत निजी एवं सार्वजनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने मार्च माह तक सभी स्वीकृत कार्य पूर्ण करने और अप्रारंभित कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन और विकास कार्यों में निरंतरता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जल संरक्षण पर विशेष जोर गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए प्रत्येक पंचायत में घरों में रिचार्ज पीट निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डीडीपी व अन्य पोर्टलों में शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि तथा पीएम-2डी सहित सभी योजनाओं की समय पर अद्यतन एंट्री पर विशेष बल दिया गया।लापरवाही पर होगी कार्रवाई ।
सीईओ प्रेमलता पद्माकर ने दो टूक कहा कि प्रगति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन पंचायतों में एक माह से शून्य पूर्णता प्रगति दर्ज की गई है, उन्हें चेतावनी देते हुए आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई।बैठक में जिला पंचायत के अधिकारी, जनपद पंचायत के कर्मचारी एवं पंचायत सचिव उपस्थित रहे। सभी ने निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।
