मुख्यमंत्री करेंगे सीधा संवाद, जिला व ब्लॉक स्तर पर गरिमामय आयोजन के निर्देश
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली, वैभवी टाइम्स,
प्रदेश सरकार द्वारा होली पर्व से पूर्व किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
धान खरीदी के दौरान समर्थन मूल्य और घोषित दर के अंतर की राशि के रूप में देय धान बोनस का अंतरण 28 फरवरी को सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जाएगा।
इस निर्णय से प्रदेश के लाखों किसानों को तात्कालिक राहत मिलेगी और पर्व के पूर्व उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय धान बोनस वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के किसानों एवं आम नागरिकों को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री का संबोधन प्रदेश के सभी जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रम स्थलों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारित किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री चयनित किसानों से सीधे संवाद करेंगे, जिससे किसानों को शासन की नीतियों, योजनाओं एवं लाभों की जानकारी प्रत्यक्ष रूप से मिल सकेगी।
जिला एवं ब्लॉक स्तर पर व्यापक तैयारियां
धान बोनस वितरण कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु मुंगेली जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से किया जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर बैठने, पेयजल, छाया, विद्युत व्यवस्था, साउंड सिस्टम एवं तकनीकी संसाधनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की निर्बाध व्यवस्था हेतु एनआईसी एवं संबंधित तकनीकी टीम को पहले से परीक्षण (ट्रायल) करने के निर्देश दिए गए।
किसानों की सुविधा सर्वोपरि
कलेक्टर ने कहा कि धान बोनस वितरण शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे किसानों में सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आमंत्रित किसानों को समय पर सूचना दी जाए तथा कार्यक्रम स्थल पर मार्गदर्शन हेतु पर्याप्त अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहें।
किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित समाधान हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त कलेक्ट निष्ठा पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
धान बोनस का यह अंतरण न केवल किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम है, बल्कि यह शासन की किसान हितैषी नीतियों को भी सुदृढ़ रूप से दर्शाता है।
