पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आज जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभा कक्ष में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, अपर जिला न्यायाधीश राकेश कुमार सोम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जसविंदर कौर आजमानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, एसडीएम अजय शतरंज सहित समस्त ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, अभिहित अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में निर्वाचन विभाग द्वारा अतिथियों को एस.आई.आर.–2025 की कैप एवं “माई इंडिया, माई वोट – मैं भारत हूँ” बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “मेरी आवाज़, मेरा मतदान” लोकतंत्र की आत्मा है। मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार होने के साथ-साथ महत्वपूर्ण दायित्व भी है। जागरूक होकर मतदान करने से ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण संभव है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी, इसी स्मृति में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने एस.आई.आर.–2025 के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चुनाव से पूर्व पात्र नए मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान में लगभग 90 प्रतिशत बीएलओ महिलाएं रहीं, जिन्होंने मातृशक्ति के रूप में सराहनीय योगदान देते हुए अभियान को सफल बनाया। साथ ही अपर कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी को राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ उप जिला निर्वाचन अधिकारी के सम्मान से नवाजा गया।
वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और मतदाता जितने सशक्त होंगे, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने युवाओं से अधिक संख्या में मतदान कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय ने कहा कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में एस.आई.आर.–2025 का संचालन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया गया। अभियान के प्रथम दिवस से ही मुंगेली जिला पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान पर रहा, जो अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और टीमवर्क का प्रमाण है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने हेतु शपथ ली।
समारोह में एस.आई.आर.–2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 24 विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर, ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, अभिहित अधिकारी, सुपरवाइजर एवं जिला निर्वाचन कार्यालय से जुड़े 20 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही तीन नए मतदाताओं को ईपिक कार्ड तथा नौ अभिहित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
