पंकज कुमार बघेल, मुंगेली वैभवी टाइम्स
मुंगेली जिले के थाना पथरिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम गंगद्वारी में घटित अंधे कत्ल के सनसनीखेज मामले का मुंगेली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी ही आरोपी निकली, जिसने पति से प्रताड़ित होने से तंग आकर उसकी सोते समय कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा त्वरित और सटीक विवेचना करते हुए इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई गई।
ऐसे दर्ज हुई थी झूठी रिपोर्ट
ग्राम गंगद्वारी निवासी रूजेश्वरी राजपूत ने दिनांक 24 जनवरी 2026 को थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात्रि लगभग 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके पति आजूराम राजपूत (उम्र 51 वर्ष) की हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 18/26 धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
जांच में सामने आया पारिवारिक विवाद
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कराया। मौके से खून लगी मिट्टी एवं सादी मिट्टी जप्त की गई। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि मृतक द्वारा दूसरी शादी की गई थी तथा पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
लगातार मिल रहे तथ्यों के आधार पर पुलिस का शक मृतक की पत्नी पर गहराने लगा।
पूछताछ में टूटी आरोपी पत्नी
संदेह के आधार पर रूजेश्वरी राजपूत को हिरासत में लेकर महिला अधिकारी द्वारा पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान थी और उसका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता था।
आरोपी ने बताया कि 23 जनवरी 2026 की रात पति खाना खाकर नव-निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास में गया था और रात करीब 12 बजे घर लौटकर सो गया। रात्रि लगभग 3 बजे बाथरूम के लिए उठने के दौरान पुराने विवाद और आक्रोश के चलते उसने पति को रास्ते से हटाने का निर्णय लिया और घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से उसके सिर, चेहरे, गले, सीने और पेट पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए चोरी की झूठी कहानी गढ़ दी।
हथियार और खून लगी साड़ी जप्त
आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी तथा घटना के समय पहनी गई खून लगी साड़ी गवाहों के समक्ष जप्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी रूजेश्वरी राजपूत को 24 जनवरी 2026 की रात 20:30 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया और 25 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरे प्रकरण के खुलासे में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (सायबर सेल प्रभारी), उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव (थाना प्रभारी पथरिया), उप निरीक्षक शोभा यादव का मुख्य योगदान रहा(थाना अजाक), प्र.आर. यशवंत डाहिरे, नोखेलाल कुर्रे, नरेश यादव, अरुण नेताम, आरक्षक राकेश बंजारे, राहुल यादव, गिरीराज परिहार, रवि मिंज, भेषज पाण्डेकर, हेमसिंह ठाकुर, राम कश्यप, परमेश्वर जांगड़े, हलिश गेंदले एवं मिथलेश सोनवानी की सराहनीय भूमिका रही।
